उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य के करीब साढ़े तीन लाख अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर 50 फीसदी किराया छूट देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और कदाचारमुक्त कराने के निर्देश दिए। प्रदेश के 59 जिलों में परीक्षा आयोजित होगी। दूसरे जिलों में परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए जरूरत पड़ने पर अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने पुलिस और प्रशासन को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी मुहर्रम को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि मुहर्रम मातम का पर्व है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन, नई परंपराओं की शुरुआत और तेज आवाज वाले डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। ताजियों की ऊंचाई 10 से 12 फीट से अधिक न रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने योग दिवस को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने पर जोर दिया।
