Homeउत्तर प्रदेशविश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम योगी ने लगाया आम का पौधा, ‘एक...

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम योगी ने लगाया आम का पौधा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को किया आगे बढ़ाने का आह्वान

लखनऊ, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आम का पौधा रोपित किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो प्रकृति भी सुरक्षित रहेगी और प्रकृति के संरक्षण से ही जीव सृष्टि का अस्तित्व बना रहेगा। उन्होंने लोगों से मातृभूमि के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। वर्ष 2017 में वन महोत्सव के दौरान पांच करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य से शुरू हुई मुहिम आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने बताया कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जिससे प्रदेश के वन क्षेत्र में भी वृद्धि हुई है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तीन वर्ष पूर्व ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत कर प्रकृति और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश दिया था। इसी क्रम में प्रदेश में पौधरोपण महाभियान का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है। राज्य सरकार जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित किया गया है तथा उसके विकल्प के रूप में मिट्टी के बर्तनों को बढ़ावा देने के लिए माटी कला बोर्ड के माध्यम से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बड़े आवासीय और व्यावसायिक भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य की गई है। साथ ही गांवों और शहरों में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए भी विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, केपी मलिक, बलदेव सिंह औलख, दानिश आजाद अंसारी, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव (वन) वी. हेकाली झिमोमी तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular