लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के दौरान ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल को देशवासियों को समर्पित किया था। यह स्थल राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महान नेताओं के जीवन और विचारों से नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को सहेजा गया है। यह स्थल युवाओं को राष्ट्रभक्ति, सेवा और समर्पण की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि कॉफी टेबल बुक में राष्ट्र प्रेरणा स्थल की स्थापत्य कला और सौंदर्य को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसमें ड्रोन से लिए गए हवाई दृश्य, कमल की आकृति में विकसित परिसर और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था की मनमोहक तस्वीरें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बसंतकुंज योजना में लगभग 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल राजधानी की प्रमुख पहचान बन चुका है। यह कॉफी टेबल बुक इस स्थल की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रेरणादायी विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
