Homeउत्तर प्रदेश1 जुलाई से 'स्कूल चलो अभियान' का दूसरा चरण शुरू, CM योगी...

1 जुलाई से ‘स्कूल चलो अभियान’ का दूसरा चरण शुरू, CM योगी ने हर बच्चे के नाम लिखी ‘पाती’

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 जुलाई से शुरू हो रहे ‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण से पहले प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक ‘पाती’ जारी की है। इसमें उन्होंने सभी नागरिकों, शिक्षकों और अभिभावकों से आह्वान किया है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर बच्चे का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 से 15 जुलाई तक चलने वाले विशेष नामांकन अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत एडमिशन है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और सम्मान है। विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण की पहली पाठशाला है।

सीएम ने शिक्षकों से बच्चों में स्कूल के प्रति रुचि बढ़ाने, खेल-कूद और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें विद्यालय से जोड़ने की अपील की। वहीं अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों को केवल अंकों से नहीं, बल्कि उनके हौसले और प्रतिभा से पहचानें तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’, ‘मिशन प्रेरणा’, ‘मिशन निपुण’, ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने 3 से 6 वर्ष के बच्चों को ‘बाल वाटिका’ भेजने और ‘स्कूल चलो अभियान’ को जनभागीदारी का महाअभियान बनाने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब प्रदेश का हर बच्चा शिक्षा से जुड़ेगा और नियमित रूप से विद्यालय जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular