मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह यमुना तट स्थित बोट क्लब के पास विकसित प्रेरणा पार्क का लोकार्पण करेंगे। पार्क में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की कांस्य प्रतिमाओं का अनावरण भी किया जाएगा।
नगर निगम प्रयागराज द्वारा कालीघाट के समीप करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस पार्क को राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जनकल्याण की प्रेरणा के केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। पार्क में आकर्षक उद्यान, पाथवे, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा और सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए गए हैं।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री यमुना में आयोजित ‘एकता नौका रेस’ को हरी झंडी दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक नौकाएं हिस्सा लेंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रेरणा पार्क परिसर में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
अपने दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री परेड ग्राउंड स्थित प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक में प्रयागराज जोन के 2,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 1,553 विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
