मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब किसी राष्ट्र को दूरदर्शी और संवेदनशील नेतृत्व मिलता है, तो वह देश सुरक्षा, विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छूता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं गरीबी को करीब से देखा है, इसलिए बाबा विश्वनाथ और मां गंगा ने उन्हें गरीबों की पीड़ा दूर करने का सामर्थ्य दिया है।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वाराणसी के गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में विकास और जनकल्याण की नई यात्रा शुरू हुई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं सीधे गरीब, किसान, महिला, युवा, कारीगर और छोटे व्यापारियों तक पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन योजना और डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण) के माध्यम से सरकारी सहायता बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं का बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, जबकि आज सरकार द्वारा भेजी गई पूरी राशि सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, मुफ्त राशन योजना और महिला स्वयं सहायता समूहों जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने में सफलता मिली है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और जलमार्ग जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि वाराणसी आज रोपवे जैसी आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के माध्यम से देश को नया मॉडल दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी में 60 हजार से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को पहली, 26,800 को दूसरी और लगभग 5 हजार वेंडर्स को तीसरी किस्त का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि जिन छोटे कारोबारियों को पहले कोई महत्व नहीं देता था, आज उनकी आर्थिक मजबूती के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।..
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन दूरदर्शी है और उसी के परिणामस्वरूप काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट तथा शहर की आधुनिक कनेक्टिविटी जैसी परियोजनाएं साकार हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज काशी और उत्तर प्रदेश की पहचान विकास, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव के रूप में स्थापित हुई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व और देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना भी की
