केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया। चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि काशी और उत्तर प्रदेश की पहचान पिछले कुछ वर्षों में पूरी तरह बदल गई है और आज दुनिया भर के लोग यहां आने के लिए उत्सुक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय काशी को केवल संकरी गलियों, अव्यवस्था और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शहर को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज काशी विश्व स्तर पर धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास के केंद्र के रूप में उभर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी देश की महानता उसके नेतृत्व पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि 12 वर्ष पहले काशीवासियों ने नरेंद्र मोदी को अपना सांसद चुनकर देश को नया नेतृत्व दिया था। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, असुरक्षा और अविश्वास का माहौल था, जबकि आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बना चुका है। देश की अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना और सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
सीएम योगी ने वाराणसी में चल रही विकास परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रोपवे परियोजना शहर के परिवहन तंत्र में बड़ा बदलाव लाएगी और लोगों के जीवन को आसान बनाएगी। साथ ही रेलवे, सड़क और घाटों के विकास से काशी की तस्वीर बदली है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और उपकरण वितरित किए। पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
