Homeउत्तर प्रदेशपरिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी का सीएम योगी ने किया स्वागत,...

परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी का सीएम योगी ने किया स्वागत, 2029 से महिला आरक्षण लागू होने की उम्मीद

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता साफ करेगा। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव के तहत सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है।

2011 की जनगणना के आधार पर बढ़ेंगी सीटें

सीएम योगी ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया में 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा। राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात यथावत रखते हुए उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे राज्यों की हिस्सेदारी प्रभावित नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की यह ऐतिहासिक पहल है।

यूपी के सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सांसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में योगदान दें।

सीएम योगी ने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। यह आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का सुनहरा अवसर है। सभी जनप्रतिनिधियों को इस महत्वपूर्ण पहल में अपना समर्थन और सहयोग देना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular