पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के जीवन पर आधारित बहुप्रतीक्षित बायोपिक ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला लुक उनके जन्मदिन के मौके पर जारी कर दिया गया है। फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
जारी किए गए फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव को सौरव गांगुली के करियर के सबसे प्रतिष्ठित पलों में से एक को दोहराते हुए दिखाया गया है। पोस्टर में वह वर्ष 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान की बालकनी में जर्सी लहराते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार क्षणों में गिना जाता है।
फिल्म सौरव गांगुली के संघर्ष, नेतृत्व और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। इसमें एक युवा क्रिकेटर से लेकर भारतीय टीम के सफल और प्रभावशाली कप्तान बनने तक के उनके सफर को दिखाया जाएगा।
निर्माताओं के अनुसार, यह सिर्फ एक क्रिकेटर की कहानी नहीं, बल्कि उस खिलाड़ी की प्रेरक यात्रा है जिसने भारतीय क्रिकेट में नई सोच, आक्रामकता और आत्मविश्वास का दौर शुरू किया। फिल्म में उनके संघर्ष, फैसलों और उपलब्धियों के जरिए यह दिखाया जाएगा कि उन्होंने किस तरह भारतीय क्रिकेट की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई।
फिल्म के फर्स्ट लुक के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के बीच उत्साह देखने को मिला और पोस्टर तेजी से वायरल हो गया।
