30 साल की उम्र के बाद अक्सर लोगों की आंखों के नीचे डार्क सर्कल और चेहरे पर फाइन लाइन्स दिखाई देने लगती हैं। आंखों के आसपास की त्वचा बेहद नाजुक होती है, जिसकी इलास्टिसिटी समय के साथ कम होने लगती है। इसी कारण झुर्रियां और काले घेरे चेहरे की खूबसूरती को प्रभावित करने लगते हैं और व्यक्ति समय से पहले उम्रदराज दिखने लगता है।
हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार कुछ घरेलू उपायों की मदद से इन समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बादाम और दूध से घरेलू उपाय
डार्क सर्कल और फाइन लाइन्स को कम करने के लिए बादाम और दूध का फेस मास्क काफी फायदेमंद माना जाता है।
इसके लिए सबसे पहले बादाम को दूध में कुछ घंटों तक भिगो दें। जब बादाम नरम हो जाएं, तो उन्हें पीसकर एक स्मूद पेस्ट तैयार करें। यह पेस्ट आंखों के आसपास हल्के हाथों से लगाएं और 10 से 20 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद साफ पानी से चेहरा धो लें।नियमित उपयोग से त्वचा में नमी बनी रहती है और आंखों के नीचे की त्वचा को पोषण मिलता है, जिससे डार्क सर्कल और फाइन लाइन्स में धीरे-धीरे सुधार देखा जा सकता है।
बादाम के फायदे
बादाम में विटामिन E और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो त्वचा को रिपेयर करने और उसे मजबूत बनाने में मदद करते हैं। दूध के साथ इसका उपयोग त्वचा को अंदर से पोषण देता है और स्किन को हेल्दी बनाए रखने में सहायक होता है।
