HomeUncategorizedदिल्ली: मुकुंदपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से इमारत ढही, 3 लोग सुरक्षित...

दिल्ली: मुकुंदपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से इमारत ढही, 3 लोग सुरक्षित निकाले गए, रेस्क्यू जारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक इमारत में गैस सिलेंडर में हुए विस्फोट के बाद पूरी बिल्डिंग अचानक ढह गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। तेज धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि इमारत पूरी तरह मलबे में बदल चुकी थी। कुछ ही मिनटों में इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तुरंत मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। भारी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक अब तक मलबे में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि एक व्यक्ति के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी तलाश जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण गैस सिलेंडर विस्फोट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे राहत और बचाव कार्य में बाधा भी आई। स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर बचाव कार्य में मदद की।

फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने की है। इसके बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से राहत कार्य में सहयोग की अपील की है।

मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही मलबे में फंसे अंतिम व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular