मुंबई। लगातार बम से उड़ाने की धमकियों के बीच पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में शानदार कॉन्सर्ट किया। इस दौरान उन्होंने धमकी देने वालों को जवाब देते हुए कहा कि उनका मकसद लोगों को डराकर कॉन्सर्ट में आने से रोकना है, लेकिन उन्हें फैंस का प्यार मिलता रहेगा।
दिलजीत ने मंच से कहा, ‘कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे, वाह… इनका मकसद सिर्फ यही है कि दिलजीत के शो में लोग न आएं। उनको डरा दिया जाए, धमका दिया जाए। किसी भी तरीके से रोक दिया जाए।’
उन्होंने आगे कहा, ‘शहरों में तो बारूदों का मौसम है, गांव चलो, ये अमरूदों का मौसम है। मेरी तरफ से आपको प्यार है। आप बेशक बम फेंको, मेरी तरफ से फिर भी आपको प्यार है।’
मुंबई पुलिस का जताया आभार
दिलजीत ने कॉन्सर्ट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुंबई पुलिस का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह जानते हैं कि जितने लोग कॉन्सर्ट में मौजूद हैं, उतने ही बाहर भी फंसे हुए हैं। पुलिस सभी की जांच करके अंदर भेज रही है। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मजबूरी समझते हुए उनका आभार जताया।
अब तक पांच बार मिल चुकी है धमकी
दिलजीत दोसांझ इन दिनों इंडिया ऑरा टूर 2026 पर हैं। इस दौरान उनके कॉन्सर्ट को लेकर अब तक पांच बार बम धमाके की धमकियां मिल चुकी हैं।
मुंबई कॉन्सर्ट से एक दिन पहले 26 नवंबर को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें बीएमसी मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क, अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
इससे पहले 23 अक्टूबर को भी मुंबई नगर निगम कार्यालय को एक ईमेल भेजकर 27 नवंबर के कॉन्सर्ट में आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी। ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी।

सान्या मल्होत्रा के साथ मंच पर थिरके दिलजीत
दिलजीत के कॉन्सर्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा भी पहुंचीं। उन्होंने सान्या को मंच पर बुलाया। दोनों ने साथ डांस किया। इसके बाद दिलजीत ने उन्हें एक तोहफा भी दिया। इस खास पल का वीडियो सिंगर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया।
मनसे ने की थी कॉन्सर्ट रद्द करने की मांग
कॉन्सर्ट से कुछ घंटे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने इसे रद्द करने की मांग उठाई थी। मनसे का आरोप था कि महालक्ष्मी रेसकोर्स और एनएससीआई डोम में होने वाले कार्यक्रमों में ड्रग्स का इस्तेमाल और बिक्री होती है। संगठन ने मांग नहीं माने जाने पर स्थानीय लोगों के साथ रास्ता रोको आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। हालांकि, विरोध के बावजूद कॉन्सर्ट में हजारों लोग शामिल हुए।
दर्शकों के लिए जारी की गई थी गाइडलाइन
कॉन्सर्ट से पहले टिकटिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो ने दर्शकों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की थी। इसमें झंडे, बैनर, पोस्टर और हाथ से बनाए गए साइन ले जाने पर रोक लगाई गई थी। इसके अलावा चाकू, ब्लेड, छाता, पानी की बोतल, बड़े बैग, लैपटॉप और टैबलेट भी प्रतिबंधित सामानों की सूची में शामिल थे।
बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले भी मिली धमकी
मुंबई के बाद दिलजीत का अगला कॉन्सर्ट 29 नवंबर को बेंगलुरु के एनआईसीई ग्राउंड्स में प्रस्तावित है। इससे पहले वहां भी बम धमकी का मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम आयुक्त को ईमेल भेजकर कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट की धमकी दी गई थी। ईमेल में लोगों को बच्चों को कार्यक्रम में नहीं लाने और मेट्रो से यात्रा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी।
इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
