रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी।
एयरपोर्ट पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत यात्री के असलहे को सील करके पायलट केबिन में रखा जाना था। इसी प्रक्रिया के दौरान कमलेश राय पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और पिस्टल से गोली चल गई। फायरिंग की आवाज से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
गोली लगने से एयरपोर्ट की एक महिला कर्मचारी के पैर में चोट लगी, जबकि एक पुरुष कर्मचारी के हाथ को गोली छूती हुई निकल गई। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में घटना को लाइसेंसी हथियार की मैगजीन निकालते समय ट्रिगर दबने से हुई आकस्मिक फायरिंग बताया जा रहा है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान गोली चलने की स्थिति कैसे बनी।
