रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ के ताल कटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पेंट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी फैक्ट्री धुएं से भर गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती स्थिति को देखते हुए कई दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। अलग-अलग फायर स्टेशनों से पहुंची आठ दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
फैक्ट्री के अंदर पेंट के साथ कई कंटेनरों में केरोसिन भी रखा हुआ था, जिसके चलते आग और ज्यादा खतरनाक हो गई थी। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार के साथ फोम का इस्तेमाल कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। एक टीम फैक्ट्री की छत पर पहुंची और कंटेनरों के आसपास फोम की बौछार की।
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री बंद थी, जिसके चलते कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति अंदर मौजूद नहीं था। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई हालांकि फैक्ट्री में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। साथ ही फैक्ट्री की फायर एनओसी से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
