रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। दीपावली के त्योहार से पहले विमान किराए में बढ़ोतरी ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले साल के मुकाबले इस बार करीब दो महीने पहले ही हवाई टिकट महंगे मिल रहे हैं। दिल्ली की एक निजी कंसल्टेंट एजेंसी के एडवाइजर रोहित तिवारी ने पिछले साल दीपावली पर लखनऊ से वापसी के लिए विमान का टिकट करीब दो महीने पहले 5,500 रुपये में बुक कराया था। इस बार इसी अवधि में टिकट की कीमत बढ़कर करीब 7,200 रुपये हो गई है।
त्योहार नजदीक आने के साथ विमान किराए में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। अनुमान है कि दीपावली के आसपास किराया मौजूदा कीमत से करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। ऐसे में अंतिम समय पर हवाई यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या घटी
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस बार विमानों की संख्या में भी कमी आई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या करीब 20 प्रतिशत तक कम हुई है। उड़ानों की संख्या घटने और त्योहार के दौरान यात्रियों की मांग बढ़ने से विमान किराए पर दबाव बढ़ने की संभावना है।
दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में पहले से टिकट बुक करने वालों को भी पिछले साल के मुकाबले अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है।
