Homeउत्तर प्रदेशसेवा संकल्प और एजुकेशन कॉसमॉस ने शुरू किया निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर,...

सेवा संकल्प और एजुकेशन कॉसमॉस ने शुरू किया निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर, महिलाओं को सिखाई जा रही क्रोशिया कला

लखनऊ। सेवा संकल्प संस्था एवं एजुकेशन कॉसमॉस के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को सआदतगंज में किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘मेरी कला, मेरी सखी’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।

शिविर में प्रतिभागियों को स्वरोजगार से जुड़ी उपयोगी हस्तकला तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन प्रशिक्षिका जसविंदर कौर द्वारा किया जा रहा है। शिविर के पहले दिन महिलाओं और बालिकाओं को क्रोशिया (Crochet) कला के माध्यम से विभिन्न प्रकार के आकर्षक की-रिंग बनाने की तकनीक सिखाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हस्तकला कौशल सीखने में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर जसविंदर कौर ने कहा कि क्रोशिया कला न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देती है, बल्कि महिलाओं और युवतियों के लिए स्वरोजगार एवं आय के नए अवसर भी उपलब्ध कराती है। उन्होंने प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सआदतगंज एवं आसपास के क्षेत्रों की करीब 50 महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को कौशल विकास और भविष्य में रोजगार के अवसरों के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

आयोजकों ने बताया कि शिविर के आगामी दो दिनों में प्रतिभागियों को क्रोशिया कला की उन्नत तकनीकों तथा विभिन्न उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे इस कौशल को स्वरोजगार और व्यवसाय के रूप में विकसित कर सकें

RELATED ARTICLES

Most Popular