रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र तिवारी
लखीमपुर खीरी। गोला गोकर्णनाथ के विकास चौराहे पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे मौरंग से भरे ट्राले और कार के बीच हादसा हो गया। ट्राले ने कार को अपनी चपेट में लेने के बाद कुछ दूर तक घसीट लिया। इस दौरान कार के दोनों गेट क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कार स्वामी ने किसी तरह अपनी जान बचा ली और बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुगर फैक्ट्री का संचालन शुरू होते ही इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। वहीं, सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते रास्ता संकरा हो गया है। ऐसे में भारी वाहनों के गुजरने के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से विकास चौराहे पर सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटवाने और भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
