Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर जनता दर्शन: CM योगी ने सुनीं 200 फरियाद, बोले- ‘देरी बर्दाश्त...

गोरखपुर जनता दर्शन: CM योगी ने सुनीं 200 फरियाद, बोले- ‘देरी बर्दाश्त नहीं’

रिपोर्ट :गोविंद कश्यप 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद सोमवार सुबह जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की। उन्होंने समस्या लेकर पहुंचे लोगों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। कुर्सियों पर बैठे लोगों तक मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आत्मीयता से लोगों से पूछा कि वे कहां से आए हैं और उनकी क्या समस्या है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्टि भी मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आर्थिक तंगी इलाज के रास्ते में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित मरीजों के अस्पताल इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि जारी की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ तेजी से कार्रवाई की जाए।

आजमगढ़ से आए छात्र की भी सुनी समस्या

जनता दर्शन में आजमगढ़ से आया एक छात्र भी मुख्यमंत्री से मिला। छात्र ने अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। उसकी बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि छात्र की पढ़ाई में आ रही समस्या का समाधान कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए सभी लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

परंपरागत दिनचर्या के साथ की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोमवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। जनता दर्शन से पहले उन्होंने शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया।

मुख्यमंत्री मंदिर परिसर की गोशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गोसेवा की और गोवंश को दुलारा। उन्होंने अपने हाथों से गोवंश को गुड़ खिलाया। कुछ समय गोशाला में बिताने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular