Homeक्राइमगुरुग्राम में मामूली विवाद पर बवाल, बीच सड़क लाठी-डंडों से भिड़े दो...

गुरुग्राम में मामूली विवाद पर बवाल, बीच सड़क लाठी-डंडों से भिड़े दो गुट

गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-37 स्थित वोल्वो शोरूम के पास मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई। दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत मामूली बात को लेकर हुई थी। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि लोग आपा खो बैठे और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। सड़क के बीचोंबीच हुई इस मारपीट को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

घटना का वीडियो वहां मौजूद एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई युवक खुलेआम एक-दूसरे पर डंडों से वार करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश भी करते नजर आते हैं, लेकिन गुस्साए युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे।

मारपीट और हंगामे की सूचना मिलने पर सेक्टर-37 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कई युवक वहां से फरार हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और माहौल शांत कराया।

पुलिस के मुताबिक, घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और झगड़े में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular