Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर ARTO कार्यालय में अचानक पहुंचे RTO, आवेदकों से लिया फीडबैक

हमीरपुर ARTO कार्यालय में अचानक पहुंचे RTO, आवेदकों से लिया फीडबैक

रिपोर्ट: अंकित पांडेय

हमीरपुर स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में शनिवार को परिवहन आयुक्त के निर्देश पर आजमगढ़ मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुनील दत्त ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में मौजूद आवेदकों से सीधे बातचीत कर कर्मचारियों के व्यवहार, आवेदन प्रक्रिया, खर्च और किसी तरह की अतिरिक्त धनराशि की मांग के संबंध में जानकारी ली। आवेदकों के जवाब से आरटीओ संतुष्ट नजर आए।

आरटीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या बिचौलिये का प्रवेश नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति द्वारा किसी काम के बदले पैसे की मांग की जाती है तो इसकी सूचना तत्काल एआरटीओ को दी जाए। उन्होंने विभिन्न पटलों, रिकॉर्ड रूम, कार्यालय की व्यवस्थाओं और वाहन फिटनेस प्रक्रिया का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

वाहनों की फिटनेस जांच निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता से करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को आवेदकों और आगंतुकों के साथ शालीन एवं सद्भावपूर्ण व्यवहार करने को कहा गया। किसी आवेदन में कमी या तकनीकी समस्या होने पर आवेदक को स्पष्ट जानकारी देकर उसका जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था भी जांची। उन्होंने ऑनलाइन और घर बैठे उपलब्ध परिवहन विभाग की सेवाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को कार्यालय आने की जरूरत कम पड़े। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन प्रवीण सिंह ने विभागीय प्रगति की जानकारी दी। प्रवर्तन अधिकारी सूर्यप्रताप देव सहित लिपिक और अन्य कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित मिले।

RELATED ARTICLES

Most Popular