HomeUncategorizedहमीरपुर में एएसपी ने किया कुरारा थाने का त्रैमासिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को...

हमीरपुर में एएसपी ने किया कुरारा थाने का त्रैमासिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय

हमीरपुर। अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कुरारा का त्रैमासिक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान थाना कार्यालय, लॉकअप, अपराध रजिस्टर, महिला एवं साइबर हेल्पडेस्क, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना और परिसर में स्थापित सीसीटीवी प्रणाली का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अभिलेखों की गुणवत्ता और उनके अद्यतन होने की स्थिति की जांच की गई। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम पर जोर

एएसपी ने महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर महिला एवं साइबर हेल्पडेस्क को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को 1090, 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के साथ-साथ cybercrime.gov.in के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के बाद थाने में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इस मौके पर थानाध्यक्ष कुरारा समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular