रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के मौहर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैंस चराने गया एक अधेड़ चंद्रावल नदी में डूब गया। हादसे के करीब 18 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है
जानकारी के अनुसार मौहर गांव निवासी अधेड़ कल शाम करीब 6 बजे अपनी भैंस लेकर चंद्रावल नदी की तरफ गया था। बताया जा रहा है कि इन दिनों बारिश के चलते नदी उफान पर है और जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसी दौरान पैर फिसलने से अधेड़ गहरे पानी में चला गया।
परिजनों को मौके पर उसकी भैंस और कपड़े तो मिल गए, लेकिन अधेड़ का कहीं पता नहीं चला। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना पर सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव टीम को बुलाया गया। पुलिस और SDRF की टीम बोट के सहारे नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी का पानी ज्यादा होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आ रही है।
घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लगा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण इसी आस में नदी किनारे बैठे हैं कि कब SDRF अधेड़ को ढूंढ निकालेगी। समाचार लिखे जाने तक अधेड़ का पता नहीं चल सका था। वहीं पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और जल्द ही अधेड़ को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।
