Homeउत्तर प्रदेशKGMU में स्टाइपेंड बढ़ोतरी को लेकर इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन,

KGMU में स्टाइपेंड बढ़ोतरी को लेकर इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन,

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क ,लखनऊ 

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में शनिवार को MBBS और BDS इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इंटर्न डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे भूख हड़ताल शुरू करने को मजबूर होंगे।

इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में उन्हें 12 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक मौजूदा स्टाइपेंड उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिहाज से काफी कम है।

पहले भी कर चुके हैं प्रदर्शन

इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इससे पहले भी धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। मांग पूरी नहीं होने से इस बार इंटर्न डॉक्टरों में नाराजगी बढ़ गई है।

मेडल विजेता छात्रा ने दिया समर्थन

प्रदर्शन को KGMU की मेधावी छात्रा दीप्ति शर्मा का भी समर्थन मिला। दीक्षांत समारोह में चांसलर और हीवेट गोल्ड मेडल समेत 19 पदक हासिल करने वाली दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन में शामिल होने से आंदोलन को नैतिक समर्थन मिला।

दूसरे मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टर भी पहुंचे

प्रदर्शन में KGMU के अलावा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), गोरखपुर, मेरठ समेत प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों के प्रतिनिधि डॉक्टर भी शामिल हुए। सभी ने इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग का समर्थन किया।

वहीं, KGMU प्रशासन का कहना है कि इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग से शासन स्तर के अधिकारियों को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। इस पर अंतिम निर्णय शासन स्तर से ही लिया जाना है। फिलहाल प्रदर्शन के कारण KGMU में चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित नहीं हुई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular