रिपोर्ट- अंकित पाण्डेय, हमीरपुर
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में बाढ़ एवं अन्य आपदाओं से बचाव हेतु जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर से अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अभियान के तहत जनपद के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील ग्राम पंचायतों सहित अन्य क्षेत्रों में प्रचार वाहन के माध्यम से बाढ़, वज्रपात, सर्पदंश, डूबने तथा अन्य आपदाओं से बचाव संबंधी जागरूकता संदेशों का प्रसारण पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और लाउडस्पीकर से किया जाएगा।
प्रचार वाहन के साथ प्रशिक्षित आपदा मित्र और प्रशिक्षकों की भी तैनाती की गई है। आपदा मित्र गांवों की गलियों, प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक चौपालों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे और आपदा के समय क्या करें – क्या न करें की जानकारी देंगे। इस दौरान जागरूकता पंपलेट भी बांटे जाएंगे।
अभियान के दौरान संवेदनशील गांवों में सार्वजनिक भवनों पर बाढ़, सर्पदंश, वज्रपात और डूबने से बचाव संबंधी जागरूकता बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों को आपदाओं के प्रति पहले से जागरूक और सतर्क करना है, जिससे जन-धन की हानि को कम किया जा सके।
इस अवसर पर जिला आपदा विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय, प्रशिक्षित आपदा मित्र ऋषभ देव एवं वीरू तथा आपदा अनुभाग से रोहित कुमार, रोहित कुमार निषाद और अम्बरीष चौरसिया उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आपदा संबंधी चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
