Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर: जिलाधिकारी कार्यालय की बैरिकेडिंग से फरियादियों की बढ़ी परेशानी

हमीरपुर: जिलाधिकारी कार्यालय की बैरिकेडिंग से फरियादियों की बढ़ी परेशानी

रिपोर्ट – अंकित पांडेय

हमीरपुर। जिलाधिकारी कार्यालय में लगाई गई बैरिकेडिंग अब फरियादियों के लिए परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है। बैरिकेडिंग के चलते आम लोगों के साथ दिव्यांग फरियादियों को भी कार्यालय तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ रहा है। इस दौरान एक दिव्यांग फरियादी के पैदल कार्यालय की ओर जाते हुए तस्वीर कैमरे में कैद हुई, जिसके बाद व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई है। हालांकि, इसका खामियाजा दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले फरियादियों को उठाना पड़ रहा है। खासकर दिव्यांग और बुजुर्ग लोगों को बैरिकेडिंग के कारण कार्यालय तक पहुंचने में अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारी की गाड़ी के लिए खुला रास्ता

मामले में उस समय व्यवस्था पर सवाल और उठ गए, जब बेसिक शिक्षा अधिकारी अपनी सरकारी गाड़ी से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। बताया गया कि अधिकारी की गाड़ी को अंदर ले जाने के लिए बैरिकेडिंग खुलवा दी गई और वाहन सीधे कार्यालय परिसर में पहुंच गया।

वहीं, दूसरी ओर आम फरियादियों और दिव्यांग लोगों को पैदल ही कार्यालय तक जाना पड़ रहा है। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीर सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि अगर अधिकारियों के वाहनों के लिए रास्ता खोला जा सकता है, तो दिव्यांग और आम फरियादियों के लिए सुविधाजनक रास्ते की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

फरियादियों ने व्यवस्था में बदलाव की मांग की

फरियादियों का कहना है कि जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों में बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग भी शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ उनकी सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बैरिकेडिंग की व्यवस्था की समीक्षा कर ऐसा रास्ता बनाया जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित किए बिना आम फरियादियों और दिव्यांग लोगों को कार्यालय तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular