रिपोर्ट : अंकित पांडेय
हमीरपुर :जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने जनपद में बाढ़ की वर्तमान स्थिति एवं प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में बाढ़ की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिला प्रशासन संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 91 राजस्व ग्राम बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील हैं। वर्तमान में यमुना एवं बेतवा नदियों का जलस्तर 97 मीटर से कम है, जो खतरे के निशान से लगभग 7 मीटर नीचे है। दोनों नदियों में फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं है। वहीं, विरमा एवं चंद्रावल नदियों का जलस्तर खतरे के बिंदु के आसपास अथवा उससे थोड़ा नीचे है।
विरमा एवं चंद्रावल नदी के जलस्तर के कारण कनेरा एवं सिवनी गांव के एक-एक मजरे जलमग्न होने से मुख्य मार्ग से कट गए थे। इन प्रभावित मजरों में नावों के माध्यम से आवागमन सुचारू रूप से संचालित कराया जा रहा है। प्रभावित सभी परिवारों को राहत किट वितरित की जा चुकी हैं तथा प्रशासनिक एवं मेडिकल टीमों द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई है। वर्तमान में इन दोनों मजरों के अतिरिक्त जनपद का कोई अन्य गांव प्रभावित नहीं है।
जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जनपद में बाढ़ चौकियां, राहत एवं शरणालय, पर्याप्त राहत किट तथा नावें तैयार रखी गई हैं। स्थानीय स्तर पर आपदा मित्रों की तैनाती की गई है तथा गोताखोरों की सूची तैयार कर उन्हें अलर्ट मोड पर रखा गया है।
उन्होंने बताया कि पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध कराया गया है। सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में एंटी-वेनम इंजेक्शन उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन 24 घंटे सतर्क एवं सक्रिय है तथा आमजन की सुरक्षा, राहत एवं सहायता के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
