Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर में करवा चौथ पर हादसा, छत से गिरकर महिला की मौत

हमीरपुर में करवा चौथ पर हादसा, छत से गिरकर महिला की मौत

रिपोर्ट: अंकित पाण्डेय

हमीरपुर। पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए करवा चौथ का निर्जला व्रत रखने वाली एक महिला की त्योहार के दिन दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। सोलह श्रृंगार कर चांद के दीदार और पूजा की तैयारी कर रही महिला छत से नीचे गिर गई। हादसे में उसकी जान चली गई। जिस घर में करवा चौथ की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया।

दर्दनाक हादसा हमीरपुर जनपद के ललपुरा थाना क्षेत्र के रुरीपारा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी आरती ने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा था। पूरे दिन व्रत रखने के बाद शाम को वह सोलह श्रृंगार कर चांद निकलने का इंतजार कर रही थी। चांद के दर्शन करने और पूजा-अर्चना के लिए आरती अपनी सास और देवरानी के साथ घर की छत पर पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गई। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे संभालने और मदद पहुंचाने में जुट गए, लेकिन हादसे में आरती की दर्दनाक मौत हो गई।

छह साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया

आरती की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति नितेश का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, महज छह साल के बेटे के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। जिस मां ने बेटे और परिवार की खुशहाली के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था, उसी दिन परिवार को उसकी मौत की खबर ने झकझोर कर रख दिया।

करवा चौथ के मौके पर घर में चल रही तैयारियां और त्योहार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular