Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर: पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक बाल-बाल बचा; गांव में दहशत

हमीरपुर: पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक बाल-बाल बचा; गांव में दहशत

रिपोर्ट: अंकित पाण्डेय

हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के परछा गांव में रविवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही सुम्मा और उसके बेटे बाबू ने बच्चा उर्फ शमसुद्दीन को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान करीब नौ राउंड फायरिंग हुई। हालांकि, युवक ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब छह बजे सुम्मा अपने बेटे बाबू के साथ बाइक से गांव पहुंचा था। इसी दौरान रास्ते में बच्चा उर्फ शमसुद्दीन मिल गया। आरोप है कि उसे देखते ही पिता-पुत्र ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण अपने घरों में दुबक गए।

घटना के बाद आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौदहा कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश को घटना की वजह बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

घटना के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी मौदहा का बयान लिया जाना है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular