रिपोर्ट: अंकित पांडेय
हमीरपुर। जिले में रविवार सुबह राठ-हमीरपुर मार्ग पर रोडवेज बस और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं, जो छात्रवृत्ति की परीक्षा देने के लिए भरुआ सुमेरपुर जा रहे थे।

तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे बिवार कस्बे के बाहर राठ-हमीरपुर मार्ग पर रोडवेज बस और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रैक्टर में सवार लोगों को चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और बिवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी पहुंचाया।
यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें से तीन घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए बच्चों को छात्रवृत्ति की परीक्षा देने के लिए भरुआ सुमेरपुर जाना था। सुबह-सुबह हुए इस हादसे के कारण परीक्षा देने जा रहे बच्चों और उनके परिजनों में चिंता फैल गई।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और सड़क पर वाहनों का आवागमन सुचारु कराया। फिलहाल राठ-हमीरपुर मार्ग पर यातायात सामान्य है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
राज कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मौदहा, हमीरपुर
