रिपोर्ट :रामजी व्यास
उरई, जालौन। हाथों में लहराता तिरंगा, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष… सोमवार को जिला मुख्यालय उरई देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुलिस लाइन से टाउन हॉल तक निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
पुलिस लाइन परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
यात्रा जिला परिषद, अंबेडकर चौराहा और शहीद भगत सिंह चौराहा होते हुए टाउन हॉल पहुंची। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा शहर गूंजता रहा। देशभक्ति गीतों ने माहौल में जोश भर दिया और सड़कें तिरंगों से पट गईं।
तिरंगा यात्रा में पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सफाई कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और छात्र-छात्राओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के मार्ग में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया।
हर हाथ में तिरंगा और हर चेहरे पर देशभक्ति का जज्बा नजर आया। विशाल तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश देते हुए पूरे जालौन को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
