रिपोर्ट दीपक अवस्थी
अजीतमल (बाबरपुर)। शास्त्रीनगर मोहल्ले में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजन आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की पत्नी इन दिनों अपने मायके में रह रही थी, जिसके चलते पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जबकि घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
