लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित गौतमपल्ली की क्रिश्चियन कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक ब्यूटी पार्लर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
छत पर फंसे दो लोग सुरक्षित निकाले गए
आग लगने के दौरान भवन की ऊपरी मंजिल पर मौजूद दो लोग धुएं से घिर गए थे। फायरकर्मियों ने तुरंत सीढ़ी लगाकर दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
सुबह 5:42 बजे मिली सूचना, तीन दमकल गाड़ियां पहुंचीं
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, सुबह 5:42 बजे कंट्रोल रूम को आग की सूचना मिली थी। इसके बाद हजरतगंज और चौक फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर मौके पर भेजे गए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग भूतल पर स्थित पार्लर में लगी थी, जबकि ऊपर की मंजिल पर लोग रह रहे थे। धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया, जिससे हफीज उल्ला और शादाब खान छत पर पहुंच गए।
फायर टीम ने पंपिंग और स्मोक एग्जॉस्टर की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
भारी नुकसान, लेकिन जनहानि नहीं
आग से पार्लर का सारा सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
