लखनऊ में उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की वेटिंग लिस्ट जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन शुक्रवार को 55वें दिन भी जारी रहा।
ईको गार्डन धरना स्थल पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जुटे रहे। इसी दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने विधानसभा की ओर कूच करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया।
पुलिस ने बस में बैठाकर वापस भेज
अभ्यर्थियों के मुताबिक, विधानसभा की ओर बढ़ते समय पुलिस ने उन्हें रोककर बस में बैठाया और वापस ईको गार्डन धरना स्थल भेज दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से वेटिंग लिस्ट जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।
रिक्त पदों पर वेटिंग लिस्ट की मांग
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में खाली रह गए संभावित पदों को देखते हुए नियमों के अनुसार वेटिंग लिस्ट जारी की जानी चाहिए। उनका कहना है कि इससे चयन से वंचित योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी का अवसर मिल सकता है। अभ्यर्थियों ने सरकार से रिक्त पदों की स्थिति स्पष्ट करते हुए वेटिंग लिस्ट जारी करने पर जल्द फैसला लेने की मांग की है।
55 दिन से चल रहा आंदोलन
ईको गार्डन में अभ्यर्थियों का धरना लगातार जारी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 55 दिनों से वे अपनी मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांग पर सकारात्मक निर्णय होने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
