Homeउत्तर प्रदेशमायावती ने सपा के ‘जन-मन घोषणापत्र’ पर साधा निशाना, बोलीं- कोरा हवाहवाई...

मायावती ने सपा के ‘जन-मन घोषणापत्र’ पर साधा निशाना, बोलीं- कोरा हवाहवाई है PDA का दावा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी के जन-मन घोषणापत्र को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने सपा के घोषणापत्र को कोरा हवाहवाई बताते हुए कहा कि यह ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने पीडीए के दावे, आरक्षण, बेरोजगारी और सपा की राजनीतिक नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए।

PDA के दावे पर उठाए सवाल

मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी का रवैया गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के खिलाफ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की नीतियां संकीर्ण, जातिवादी और धन्नासेठ समर्थक रही हैं।

उन्होंने यूपी से राज्यसभा के हालिया द्विवार्षिक चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को तरजीह दी। मायावती ने सवाल किया कि ऐसी नीतियों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याएं कैसे दूर होंगी।

जन-मन घोषणापत्र को बताया धन-मन वादी

बसपा प्रमुख ने सपा के जन-मन घोषणापत्र को धन-मन वादी करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी समाज के अच्छे लोगों के बजाय चुनाव में ऐसे धनी और बाहुबली लोगों को प्राथमिकता देगी, जिन्हें जनहित से ज्यादा अपने स्वार्थ की चिंता रहती है।

बीएसपी की नीतियों का किया जिक्र

मायावती ने कहा कि हर हाथ को काम और कानून का राज स्थापित करना बीएसपी की नीति और सिद्धांत हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम किया गया।

उन्होंने सपा, कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों के लिए ऐसा करना संभव नहीं है।

आरक्षण के मुद्दे पर भी सपा को घेरा

मायावती ने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने प्रदेश में जातिवादी द्वेष और दंगों को लेकर भी सपा को घेरा।

बसपा प्रमुख ने कहा कि जनता इन बातों को भुला नहीं सकती। उन्होंने सपा के वादों, दावों और घोषणाओं को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular