जब भी हम किसी होटल में ठहरने जाते हैं तो एक चीज लगभग हर जगह कॉमन दिखती है — बेड पर बिछी सफेद चादर। चाहे 5 स्टार होटल हो, 3 स्टार होटल या फिर कोई सामान्य होटल, ज्यादातर जगहों पर सफेद बेडशीट का ही इस्तेमाल किया जाता है। इसके पीछे सिर्फ दिखावा नहीं बल्कि कई खास कारण होते हैं।
सफाई और हाइजीन का प्रतीक
सफेद रंग को साफ-सफाई और हाइजीन का प्रतीक माना जाता है। होटल में हर दिन नए मेहमान आते हैं, इसलिए कमरे की सफाई बेहद जरूरी होती है। सफेद चादर पर हल्का सा दाग, धूल या गंदगी भी तुरंत दिखाई देती है। इससे होटल स्टाफ को साफ-सफाई बनाए रखने में आसानी होती है और मेहमानों को भी यह भरोसा मिलता है कि कमरा पूरी तरह साफ है।
आंखों और दिमाग को देता है सुकून
मनोविज्ञान के अनुसार सफेद रंग शांति और सुकून का एहसास कराता है। यात्रा के दौरान लोग आराम और रिलैक्स महसूस करना चाहते हैं। सफेद चादर देखकर दिमाग को शांति मिलती है और कमरा ज्यादा आरामदायक महसूस होता है। यही वजह है कि लग्जरी होटल सफेद बेडशीट को प्राथमिकता देते हैं।
सफेद चादर साफ करना होता है आसान
सुनने में भले अजीब लगे, लेकिन सफेद चादर को साफ करना रंगीन चादरों की तुलना में आसान माना जाता है। होटल इन्हें गर्म पानी और ब्लीच से धोते हैं, जिससे दाग और कीटाणु आसानी से हट जाते हैं। रंगीन चादरों में ब्लीच का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, क्योंकि इससे उनका रंग खराब हो सकता है। यही कारण है कि होटल की सफेद चादर हमेशा नई जैसी चमकदार दिखाई देती है।
कमरा दिखता है बड़ा और खुला
सफेद रंग रोशनी को ज्यादा रिफ्लेक्ट करता है। इससे होटल का कमरा बड़ा, खुला और हवादार महसूस होता है। खासकर छोटे कमरों को ज्यादा स्पेशियस दिखाने के लिए सफेद बेडशीट और हल्के रंग के पर्दों का इस्तेमाल किया जाता है।
सभी कमरों में एक जैसा लुक
होटल में कई कमरे होते हैं। अगर हर कमरे में अलग-अलग रंग की चादरें हों तो उन्हें मैनेज करना मुश्किल हो सकता है। सफेद चादरों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जरूरत पड़ने पर किसी भी कमरे की चादर आसानी से बदली जा सकती है और सभी कमरों का लुक भी एक जैसा बना रहता है।
