बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नगर पंचायत कर्मचारी अपनी पत्नी को वापस ससुराल बुलाने की मांग को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। युवक ने टंकी से कूदने की धमकी दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंच गई और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र स्थित नगर पंचायत कार्यालय परिसर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की पत्नी किसी बात से नाराज होकर मायके चली गई थी। पत्नी को वापस बुलाने की जिद में युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक पुलिसकर्मी युवक को समझाने का प्रयास करते रहे। इस दौरान टंकी के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे मौके पर हड़कंप का माहौल बना रहा।
प्रशासन की ओर से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस की समझाइश जारी थी और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे थे।।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पानी की टंकी पर बैठा दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
