लखनऊ। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले वनडे मुकाबले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने मैच को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार भारत और अफगानिस्तान की टीमें 15 जून को चार्टर्ड फ्लाइट से लखनऊ पहुंचेंगी। इसके बाद 16 जून को दोनों टीमें इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।
यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि गर्मी को देखते हुए दर्शकों के लिए मुफ्त पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। स्टेडियम में आने वाले प्रत्येक दर्शक के लिए औसतन 15 गिलास ठंडा पानी उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, ताकि भीषण गर्मी के बीच क्रिकेट प्रेमियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने बताया कि दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट दरें किफायती रखी गई हैं। टिकटों की शुरुआती कीमत 599 रुपये है। इसके अलावा विभिन्न स्टैंडों के लिए 699 रुपये, 799 रुपये और 1000 रुपये की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इन सभी दरों में 18 प्रतिशत जीएसटी शामिल है।
प्रीमियम और वीआईपी स्टैंड में मैच देखने के इच्छुक दर्शकों के लिए टिकट 5000 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक उपलब्ध हैं। यूपीसीए को उम्मीद है कि लंबे समय बाद लखनऊ में आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचेंगे।
हालांकि मैच से पहले भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के चोट के कारण सीरीज से बाहर होने की खबर सामने आई है। वहीं कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। इसके बावजूद यूपीसीए का मानना है कि मुकाबले को लेकर दर्शकों का उत्साह बरकरार है और स्टेडियम में अच्छी खासी भीड़ देखने को मिलेगी।
