Homeक्राइमइंदौर में ईवी शोरूम में भीषण आग, अपार्टमेंट में फंसे 20 से...

इंदौर में ईवी शोरूम में भीषण आग, अपार्टमेंट में फंसे 20 से अधिक लोगों को रस्सी और सीढ़ी से बचाया गया

इंदौर। शहर के स्कीम-136 क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) शोरूम में भीषण आग लग गई। आग अपार्टमेंट की भूतल पर स्थित शोरूम में लगी, जबकि उसके ऊपर की दो मंजिलों पर छह परिवार रहते हैं। आग और धुएं के कारण लोग सीढ़ियों से नीचे नहीं उतर सके, जिसके चलते आसपास के रहवासियों ने रस्सी और सीढ़ी की मदद से 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:15 बजे आग लगी। उस समय शोरूम बंद था और अपार्टमेंट में रहने वाले कई लोग सो रहे थे। जैसे ही धुआं फ्लैटों में पहुंचा, लोगों की नींद खुली। नीचे देखा तो शोरूम आग की लपटों में घिरा हुआ था और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। पड़ोसी इमारतों के रहवासियों ने अपने घरों से रस्सियां और सीढ़ियां लाकर अपार्टमेंट की छत तक पहुंचाईं। इसके बाद एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि आग फ्लैट वाले हिस्से तक नहीं पहुंची और परिवारों का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोरूम में रखे सभी दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन आग में जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने भी बचाव अभियान में हिस्सा लिया और लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की।

स्थानीय निवासी श्याम दुबे ने बताया कि धुआं दिखाई देने पर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर ब्रिगेड और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular