फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर ने लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज के सहयोग से “अद्वितीय – भारत के मंगल मिशन की महिला वैज्ञानिकों का सम्मान” विषय पर प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के ऐतिहासिक मंगल मिशन और अन्य महत्वपूर्ण अंतरिक्ष अभियानों में योगदान देने वाली महिला वैज्ञानिकों के असाधारण कार्यों को सम्मानित करना और छात्राओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में लखनऊ के साथ-साथ बाराबंकी, हरदोई और आसपास के जनपदों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की कक्षा 11वीं और 12वीं की 1200 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर ISRO की प्रतिष्ठित वैज्ञानिक रूपा एम. वी., मौमिता दत्ता और अशोक कुमार शर्मा की प्रेरणादायी उपस्थिति रही। वैज्ञानिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का आयोजन फिक्की फ्लो लखनऊ की अध्यक्षा सिमरन साहनी एवं उनकी कार्यकारिणी समिति के नेतृत्व में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य युवा छात्राओं को देश की अग्रणी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना और उनमें नवाचार, वैज्ञानिक सोच तथा अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना था।
लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज ने कार्यक्रम में इवेंट पार्टनर के रूप में सहभागिता की। संस्थान के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. एस. पी. सिंह (सांसद) ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘अद्वितीय’ कार्यक्रम ज्ञान, प्रेरणा और भारत की अंतरिक्ष यात्रा में महिलाओं के उत्कृष्ट योगदान का अविस्मरणीय उत्सव साबित हुआ। कार्यक्रम ने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की।
