रिपोर्ट -राम जी व्यास
जालौन के उरई स्थित जिला अस्पताल में मेडिकल रिपोर्ट को लेकर जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि कुछ भाजपा नेताओं और उनके समर्थकों ने कथित तौर पर अपनी मनचाही मेडिकल रिपोर्ट बनवाने के लिए पहले उरई कोतवाली में पुलिसकर्मियों से बहस और अभद्रता की। इसके बाद वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां मेडिकल स्टाफ के साथ भी विवाद हो गया।
आरोप है कि हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने अस्पताल के सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान पुलिस और मेडिकल स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी बात सामने आई है।
पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। विपक्षी दल और स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
मामले में जिला अस्पताल के डॉक्टर डॉ. अनुपम मिश्रा का बयान भी सामने आया है।
उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
