श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को बसों के संचालन से लेकर बस स्टेशनों तक विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
4 सितंबर को मनाए जाने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर मथुरा-वृंदावन और गोवर्धन में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात के लिए जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
बसों और बस स्टेशनों पर रहेगी विशेष निगरानी
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि बस स्टेशनों, प्रमुख बस अड्डों और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर संचालित बसों में विशेष निगरानी रखी जाए।
इसके साथ ही बसों और बस स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की प्रभावी निगरानी व चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं की राह होगी सुगम और सुरक्षित
सरकार का उद्देश्य जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन उपलब्ध कराना है। मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बस संचालन और यात्री सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
