रिपोर्ट: दीपक अवस्थी
बाबरपुर। बाबरपुर स्थित एक्सिस पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे श्रीकृष्ण और राधा के मनमोहक स्वरूप में सजकर विद्यालय पहुंचे। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों का विद्यालय स्टाफ द्वारा तिलक लगाकर और आरती कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद पूरा विद्यालय परिसर ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा। बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और त्योहारों के प्रति प्रेम और उत्साह का संदेश दिया।

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से सीख लेने का संदेश
विद्यालय के प्रधानाचार्य एन.के. मिश्रा ने बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें प्रेम, सच्चाई, कर्म और सदाचार की सीख मिलती है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मटकी फोड़ कार्यक्रम रहा आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी समारोह में मटकी फोड़ कार्यक्रम सबसे खास आकर्षण रहा। कृष्ण के रूप में सजे नन्हे कान्हा ने मटकी फोड़ी, जबकि ग्वालवाल बने बच्चों ने माखन लूटकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप और बच्चों की मासूम अदाओं ने पूरे माहौल को कृष्णमय बना दिया।
विद्यालय के निदेशक दीपक दीक्षित ने बच्चों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी इसी तरह उत्साहपूर्वक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मीडिया इंचार्ज महक गुप्ता, एक्टिविटी इंचार्ज कंचन कुशवाहा, अजिता, शिफा, शिवानी, निक्की, सिमरन, पल्लवी, यशवी, कीर्ति, मुस्कान, अंश कपिल, राजीव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
