नई दिल्ली। 20 जुलाई 2026 से दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों और युवाओं का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) समेत कई संगठनों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की है।
प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा तेज है। इस बीच प्रदर्शन के दौरान लगाए गए कुछ विवादित नारों को लेकर भी सवाल उठे। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बनी और पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने की बात सामने आई। घटना में कुछ प्रदर्शनकारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी बीच समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वायरल वीडियो में डिंपल यादव एक घायल युवक का हालचाल लेती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि उन्होंने युवक की मदद के लिए 2,000 रुपये देने की बात भी कही।
डिंपल यादव के घायल प्रदर्शनकारी से मिलने के बाद सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के मुद्दे को लेकर नई बहस छिड़ गई है। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह आंदोलन केवल पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी मांगों तक सीमित है या इसके पीछे राजनीतिक विरोध भी एक मुद्दा है।
