रिपोर्ट: दीपक जौहरी
झांसी। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के हीरापुर मोड़ स्थित मोहल्ले में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 24 सितंबर की बताई जा रही है। यह घटना सपना फोटो स्टूडियो के पास होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि एक युवक ने गाड़ी से सामने जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद गाड़ी सवार युवक ने सड़क पर गिरे व्यक्ति के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के सड़क पर गिरने के बाद भी उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें मारपीट का दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मारपीट करने वाले व्यक्ति के रेलवे में टिकट कंडक्टर होने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
