भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की ‘Generation Gutter’ टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। मंगलवार शाम लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर बढ़ने लगीं। हालांकि, पुलिस ने उन्हें चौराहे पर ही रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कंगना रनौत का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में प्रदर्शनकारियों ने कागज से बने कंगना के पोस्टर पर चप्पलें मारकर उसे आग के हवाले कर दिया और लगातार उनके खिलाफ नारेबाजी की।
महिला कांग्रेस की नेता उरूशा राणा ने कहा कि एक महिला सांसद और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी हस्ती होने के नाते कंगना रनौत को महिलाओं के प्रति इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए और भारतीय जनता पार्टी को भी इस मामले में उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अनामिका यादव ने भी कंगना रनौत की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी महिला के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘Generation Gutter’ जैसी टिप्पणी महिलाओं का अपमान है और कांग्रेस पार्टी इसकी निंदा करती है। उन्होंने मांग की कि कंगना रनौत देश की युवतियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
