उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बेटियों की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह मामला नौबस्ता थाना क्षेत्र के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट का है। आरोपी पिता शशिरंजन मिश्रा ने धारदार हथियार से दोनों बेटियों का गला काट दिया। रविवार तड़के करीब 4:30 बजे डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट के अंदर दोनों बच्चियों के शव बरामद किए, जिनके गले पर गहरे घाव के निशान थे।पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
आरोपी की पत्नी रेशमा छेत्री ने बताया कि उनकी शादी 2014 में हुई थी। परिवार में दो जुड़वां बेटियां रिद्धि-सिद्धि और एक 6 साल का बेटा है। रेशमा के अनुसार, पति नशे में अक्सर मारपीट करता था और उसके चरित्र पर शक करता था। घटना वाली रात परिवार ने साथ में खाना खाया था। इसके बाद आरोपी बेटियों को अपने कमरे में ले गया। महिला दूसरे कमरे में सो रही थी और उसे घटना की जानकारी तब हुई जब पुलिस ने उसे जगाया।
मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार आरोपी पति को फांसी देने की मांग कर रही है।पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
