रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प माह के तहत बुधवार को कानपुर में भाजपा की ओर से भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई।
कानपुर महानगर उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण संगठन की ओर से आयोजित इस यात्रा में 10 विधानसभाओं से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मशाल लेकर शामिल हुए।

यात्रा का शुभारंभ फूलबाग मैदान से हुआ। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन कार्यकर्ताओं ने सुना। प्रधानमंत्री ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह यात्रा संकल्प की ज्योति है। उन्होंने कहा कि इसमें आतंकवाद के खात्मे, माताओं-बहनों की सुरक्षा, देश की रक्षा, विकास और गरीब कल्याण का संदेश शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुरक्षा और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

संबोधन के बाद जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता हाथों में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए।
फूलबाग चौराहे से शुरू हुई यात्रा बिरहाना रोड और नयागंज होते हुए घंटाघर स्थित भारत माता की प्रतिमा तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और मशाल लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। रास्ते में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

घंटाघर चौराहे पर यात्रा का समापन हुआ। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान शहर की सड़कों पर तिरंगे और मशालों के साथ देशभक्ति का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने किया। सह संयोजक एवं जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय किया।
