Homeउत्तर प्रदेशसेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक होंगे जनसेवा के कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक होंगे जनसेवा के कार्यक्रम

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा

कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर के नेतृत्व में “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के तहत एक महीने तक विभिन्न जनसेवा और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पत्रकार वार्ता में अजय कपूर ने बताया कि अभियान के दौरान नेत्र परीक्षण शिविर, मोतियाबिंद ऑपरेशन, चश्मा वितरण, स्वास्थ्य शिविर, गंगा आरती, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरण, वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा और अस्पतालों में मरीजों को फल बांटे जाएंगे।

अभियान में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री का वितरण, दिव्यांगजनों को उपयोगी सामान उपलब्ध कराने, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और गौ सेवा समेत कई अन्य गतिविधियां भी शामिल होंगी।

अजय कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को प्रमुख स्थान मिला है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों से जोड़ना समाज के प्रति जिम्मेदारी का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि सेवा किसी एक दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के प्रति निरंतर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव होना चाहिए। इसी उद्देश्य से पूरे एक महीने तक अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।

अजय कपूर ने कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद की मदद करना ही सच्ची जनसेवा है और सामूहिक प्रयासों से सेवा के इस संकल्प को व्यापक रूप दिया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular