रिपोर्ट: अभिषेक मिश्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को लेकर कानपुर उत्तर में तैयारियां तेज हो गई हैं।

भाजपा कानपुर उत्तर जिला लगातार दूसरी बार इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की मेजबानी करेगा। 25 अक्टूबर को कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के तिलक नगर मंडल स्थित प्रमिला सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के प्रबुद्धजन प्रधानमंत्री के विचार सुनेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभागार में बैठने की व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, ‘मन की बात’ की जिला संयोजक राधा सैनी और मंडल अध्यक्ष अश्वनी गौतम मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए कार्यक्रम में अधिक से अधिक प्रबुद्धजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के डॉक्टर, व्यापारी, शिक्षक और अन्य प्रबुद्धजन शामिल होंगे। ‘मन की बात’ के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लोगों से संवाद करते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रयासों, जनभागीदारी तथा देशभर में सामने आ रही प्रेरक कहानियों को साझा करते हैं।
कानपुर उत्तर जिले को लगातार दूसरी बार लाइव प्रसारण की मेजबानी मिलने से भाजपा पदाधिकारियों में उत्साह है। पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं। 25 अक्टूबर को प्रमिला सभागार में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम स्थानीय लोगों को प्रधानमंत्री के संवाद से जुड़ने का अवसर देगा।
