कानपुर प्राणी उद्यान (जू) से एक भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। कुछ दिन पहले शेर अजय की मौत के सदमे से जू प्रशासन और कर्मचारी अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि अब करीब आठ साल से जू में रह रहे हिप्पोपोटामस ‘सतीश’ को इंदौर जू भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
यह स्थानांतरण वन्यजीवों की अदला-बदली (एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम) के तहत किया जा रहा है। इसके बदले इंदौर जू से शेरनी ‘रीवा’ को कानपुर जू लाया जाएगा।
क्षेत्रीय वन अधिकारी फिरोज खान ने बताया कि वर्तमान में कानपुर जू में हिप्पोपोटामस की कुल पांच संख्या है, जिनमें से सतीश को इंदौर भेजा जा रहा है। लंबी दूरी को देखते हुए उसके सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया पिंजरा इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हिप्पोपोटामस को पानी में रहना बेहद पसंद होता है और लंबे समय तक पानी से दूर रहने पर उसकी त्वचा फटने लगती है। इसी कारण पूरे सफर के दौरान उसके लिए विशेष जल व्यवस्था की गई है।
इंदौर तक के लंबे सफर में हर 100 किलोमीटर पर वाहन रोका जाएगा, ताकि हिप्पो को पानी उपलब्ध कराया जा सके। पिंजरे में बड़ा पानी का कंटेनर भी रखा जाएगा, जिससे वह रास्ते भर खुद को ठंडा और सुरक्षित रख सके।
जू प्रशासन का कहना है कि वन्यजीव के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि सतीश सुरक्षित रूप से इंदौर जू पहुंच सके।
